केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस 19 फरवरी, 2025 को छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के पुणे में 20,000 एमवाई भारत युवा स्वयंसेवकों के साथ ‘जय शिवाजी जय भारत’ पदयात्रा करेंगे। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे और अन्य राज्य मंत्री भी इस पदयात्रा में शामिल होंगे।
यह पदयात्रा लगभग 4 किलोमीटर का मनोरम मार्ग तय करेगी, जो सीओईपी कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर फर्ग्यूसन कॉलेज पर समाप्त होगी। पहली बार इतने बड़े स्तर पर की जा रही यह पदयात्रा राज्य के सभी 36 जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा, स्थानीय नेता और नागरिक एक साथ हिस्सा ले रहे हैं।
छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती की भावना को गहरा करने के लिए, महाराष्ट्र के सभी जिलों में पदयात्रा-पूर्व कार्यक्रमों की एक श्रृंखला आयोजित की गई
महाराष्ट्र के पुणे में ‘जय शिवाजी जय भारत’ पदयात्रा संविधान के 75 वर्ष पूरे होने तथा भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाने के लिए आयोजित 24 पदयात्राओं की श्रृंखला में यह छठी पदयात्रा होगी। पूरे वर्ष देश भर में इसी तरह के आयोजन होंगे, जिससे देशभक्ति और भारत की समृद्ध विरासत से गहरे जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्रालय पूरे भारत के युवाओं को एमवाई भारत पोर्टल ( www.mybharat.gov.in ) पर पंजीकरण करके भाग लेने और छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत और एकजुट तथा आत्मनिर्भर भारत हेतु उनके विजन का सम्मान करने के लिए इस गौरव मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है।





