नगर निगम कोटा उत्तर प्रशासन ने कोटा उत्तर के क्षेत्र में अवैध चाईनीज मांझे के विक्रय व उपयोग की रोकथाम के लिए कमर कस ली है। निगम के आयुक्त अशोक त्यागी ने बुधवार को एक आदेश जारी कर चाईनीज मांझे की बरामदगी व विक्रेताओं के विरूद्ध कार्यवाही हेतु निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास को जिम्मेवारी सौंप दी है।
आयुक्त अशोक त्यागी ने बताया कि चाईनीज मांझे की बिक्री एवं उपयोग पर राज्य सरकार द्वारा पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद भी कई मांझा विक्रेता चाईनीज मांझे का विक्रय कर रहे है। जिससे पक्षियों व आमजन के साथ अप्रिय घटनाओ के कारित होने का खतरा बना रहता है। चाईनीज मांझे के कारण पूर्व में भी अप्रिय घटनाएं घटित हो चुकी है। उन्होने बताया कि चाईनीज मांझे की ब्रिक्री व उपयोग को रोकने के लिए निगम द्वारा नियुक्त अधिकारी व उनके दल के साथियों द्वारा आवश्यक और अपेक्षित कार्यवाही को अंजाम दिया जाएगा।






