कॊटा- प्रदेश संयोजक राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में कोटा थर्मल परिसर स्थित संयुक्त संघर्ष समिति मुख्यालय पर प्रदेश कार्य समिति की बैठक संपन्न हुई। प्रदेश संयोजक राकेश गुप्ता ने बताया की विद्युत कर्मियों द्वारा सभी पावर प्लांटो में रोजाना एक घंटा कार्य बहिष्कार कर उग्र प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में आंदोलन को उग्र करते हुए बुधवार को कोटा, झालावाड़, छबड़ा, सूरतगढ़, बांसवाड़ा, धौलपुर, रामगढ़ व बाड़मेर थर्मल विद्युत कर्मी अपने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आर आर वि यू एन एल) एवं केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के मध्य राजस्थान सरकार द्वारा संयुक्त उद्यम (जेवी) बनाए जा रहे हैं, विद्युत कर्मियों द्वारा इसका विरोध विगत एक महीने से किया जा रहा है।
संघर्ष समिति के सह संयोजक निशांत शर्मा ने बताया कि बैठक में सभी पॉवर प्लांटों से आए अभियंता, अधिकारी व कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गांधीवादी तथा क्रांतिकारी विचारो वाले सदस्यों ने प्रत्यक्ष व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने अपने विचार साझा किए। आंदोलन को आगे गति प्रदान करने के लिए सभी तथ्यों व परिस्थितियों पर गहनता से विचार विमर्श किया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्थानीय सांसद व विधायक महोदय को भी जनता एवं कार्मिकों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। किसी भी आंदोलन को सफल बनाने के लिए सकारात्मक नीति,कुशल नेतृत्व, कोष, कार्यकर्ता के अलावा एकता की आवश्यकता होती, जिसे सभी प्रतिनिधियों ने स्वीकार किया।
गुप्ता ने यह भी कहा कि विद्युत प्रशासन शीघ्र अति शीघ्र संघर्ष समिति के प्रदेश पदाधिकारियो को वार्ता पर आमन्त्रित कर समस्या समाधान करने के सकारात्मक प्रयास करे अन्यथा मजबूरन संघर्ष समिति उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इससे उत्पन्न होनेवाली औद्योगिक अशांति की पूर्ण जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।





