राज्य स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता में कोटा का परचम, छात्रा वर्ग में मिली चैंपियनशिप
विजयश्री सेकेंडरी स्कूल की रिषिका नागर और लक्षिता डाबर का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में चयन
प्रेस रिपोर्टर रामावतार राठौर ✍️
कोटा। फलोदी में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता में कोटा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के 17 वर्ष एवं 19 वर्ष छात्रा वर्ग में कोटा टीम ने चैंपियनशिप हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
इस प्रतियोगिता में विजयश्री सेकेंडरी स्कूल, छावनी, कोटा की खिलाड़ी रिषिका नागर एवं लक्षिता डाबर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय सहित खेल जगत में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय के निदेशक संजीव विजय ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की कामना की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चैंपियनशिप हासिल करना और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होना कोटा की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रिषिका नागर और लक्षिता डाबर का चयन अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।





