जहाँ से की 10वीं की पढ़ाई, वहीं मुख्य अतिथि बनकर लौटीं करिश्मा जोशी
प्रेस रिपोर्टर रामावतार राठौर ✍️
सीकर। टैगोर एजुकेशन ग्रुप, सीकर में 18 अक्टूबर को आयोजित Ebullience 5.0 – “Let’s Reunite” समारोह में संस्थान की पूर्व छात्रा करिश्मा जोशी पुत्री ओमप्रकाश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशेष बात यह रही कि करिश्मा ने इसी संस्थान से कक्षा 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त की थी। कभी यहाँ विद्यार्थी बनकर पढ़ने वाली करिश्मा का अपनी उपलब्धियों के साथ मुख्य अतिथि बनकर लौटना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा यादगार पल रहा। कार्यक्रम में राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
वर्तमान में करिश्मा जोशी महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कावेरी पथ, मानसरोवर, जयपुर में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। स्मरण शक्ति एवं गणितीय अंकों को याद रखने की अपनी विशेष क्षमता के दम पर उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने स्क्वायर रूट ऑफ फाइव के 1,008 डिजिट याद कर इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में तथा स्क्वायर रूट ऑफ टू के 6,400 डिजिट याद कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करवाया। इसके अतिरिक्त, उन्हें नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा भारत विभूषण अवॉर्ड 2025 तथा इंडिया प्राउड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा स्वर्ण भारत सम्मान 2025 एवं भारतीय शिक्षा गौरव सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया है।
समारोह के दौरान करिश्मा जोशी ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने टैगोर एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन जगन सिंह चाहर जी एवं समस्त विद्यालय परिवार का आमंत्रित करने और सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया।
एक समय इसी संस्थान की छात्रा रहीं करिश्मा जोशी का आज उसी संस्थान में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित होना उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों की प्रेरणादायक कहानी है।






