कोटा बैटरी एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा एवं सम्मान समारोह संपन्न, दो वरिष्ठ सदस्यों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
अशफाक अंसारी✍️
कोटा, 18 अक्टूबर। कोटा बैटरी एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा एवं सम्मान समारोह रविवार को माहेश्वरी रिसोर्ट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ बैटरी व्यवसायी बलदेव गैरा रहे। समारोह में कोटा के बैटरी व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा व्यापार से जुड़ी वर्तमान समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।
एसोसिएशन के महासचिव सुरेश आनंद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वार्षिक आमसभा में बैटरी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें व्यापार की बदलती परिस्थितियों, बाजार की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
बदलती तकनीक के साथ अपडेट रहें व्यवसायी: सलीम अब्बासी
एसोसिएशन के अध्यक्ष सलीम अब्बासी ने कहा कि बैटरी व्यवसाय आज आमजन की जरूरत बन गया है। इलेक्ट्रिक वाहन (ई-व्हीकल), इन्वर्टर और ई-रिक्शा में बैटरियों की बढ़ती मांग से इस कारोबार में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है, जो बैटरी उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने बैटरी व्यवसायियों से बाजार में हो रहे बदलावों और नई तकनीक के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाजार में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद और उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराकर ही व्यवसायी बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रख सकते हैं।
बैटरी व्यापार की समस्याओं और समाधानों पर चर्चा
संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिनेन्द्र कुमार जैन ने सभा को संबोधित करते हुए बैटरी व्यापार से जुड़े सवालों के जवाब दिए और विभिन्न समस्याओं के समाधान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
वहीं, कोषाध्यक्ष राजकुमार गेरा ने पिछले वर्ष की आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रवि नाकरा ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न क्षेत्रों में बैटरियों की मांग लगातार बढ़ रही है, जो बैटरी व्यवसाय के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने लिथियम-आयन बैटरी की तकनीक और उसके उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
अब्दुल अजीज और वीरेंद्र सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह का मुख्य आकर्षण बैटरी व्यवसाय में विशेष योगदान देने वाले संस्था के वरिष्ठ सदस्य अब्दुल अजीज और वीरेंद्र सिंह का सम्मान रहा। दोनों सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदीप पाटनी, मुकीम कादरी, बोहरा नजमुद्दीन, अजीज भाई, रितेश सेठी, उमेश पटोदी, राजेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सूरी, नरेश जैन, खैमराज सुमन, जमील भाई, नितिन दाधीच, जितेंद्र शर्मा, संजय नाकरा, मोनू पारीक, सोनू पारीक और मोहित कोहली सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
सभी सदस्यों और अतिथियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष सलीम अब्बासी ने सफल आयोजन के लिए सभी सदस्यों, अतिथियों और प्रेस रिपोर्टरों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने सहभागिता की।





