कोटा में CBN की बड़ी कार्रवाई: ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे 168.680 किलो डोडा चूरा, एक गिरफ्तार
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 7 सितंबर 2026 को कोटा के सकतपुरा टोल प्लाजा पर एक भारत बेंज ट्रक को रोककर तलाशी के दौरान 168.680 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। कार्रवाई में ट्रक को जब्त करते हुए एक व्यक्ति को NDPS Act, 1985 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।
CBN को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर का एक ट्रक लाडपुरा क्षेत्र से पंजाब की ओर अवैध डोडा चूरा ले जा रहा है। सूचना पर CBN कोटा की टीम ने 6 सितंबर की देर रात संदिग्ध मार्ग पर निगरानी शुरू की। लगातार निगरानी के बाद ट्रक की पहचान कर उसे सकतपुरा टोल प्लाजा पर रोक लिया गया।
प्रारंभिक जांच में ट्रक में सोयाबीन के छिलकों का कवर कार्गो पाया गया। पूछताछ के दौरान ट्रक में मौजूद व्यक्ति ने कथित तौर पर कवर कार्गो के पीछे डोडा चूरा छिपाकर रखे जाने की जानकारी दी। हाईवे पर सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए ट्रक को CBN कार्यालय, कोटा लाया गया।
कार्यालय में विस्तृत तलाशी के दौरान कवर कार्गो के पीछे छिपाकर रखे डोडा चूरा के 7 बोरे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 168.680 किलोग्राम बताया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मादक पदार्थ और भारत बेंज ट्रक को जब्त कर लिया गया।
CBN के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।





