पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के भ्रष्टाचारी मंत्री-अधिकारी जेल में
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा, 08 सितंबर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राजनीति से प्रेरित आरोप लगाने और सवाल उठाने की बजाय अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं पर जनता को जवाब देना चाहिए। जब पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में आये दिन भ्रष्टाचार के मामले सामने आते थे, यहां तक कि जेजेएम घोटाले में उनके मंत्री और अधिकारी तक आज जेल में हैं।
मुख्यमंत्री ने कोटा में जनसभा एवं रोड शो में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जब हमने संकल्प पत्र में 4 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया, तो कांग्रेस नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया था। क्योंकि उनकी सरकार में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपरलीक हुए और युवा खून के आंसू रोता रहा। आज हम उन्हीं कांग्रेस नेताओं से कहते हैं कि हम युवाओं को नौकरी दे रहे हैं, आप आंकड़े गिनते रहें। फिर भी आपकी गणित कमजोर है तो हम ट्यूशन देने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जनता को विकास के बजाय भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। चुनाव के समय कांग्रेस जिन योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर जनता से वोट मांगती थी, उन पर वर्षों तक कोई काम नहीं हुआ। जबकि हमारी सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश बिजली की कमी से जूझता रहा, जबकि हमारी सरकार ने बिजली उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी की। जिसका परिणाम है कि अब राजस्थान बिजली खरीदने की बजाय अन्य राज्यों को बिजली दे रहा है। इसी प्रकार वर्षों से लंबित जल परियोजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक तुष्टिकरण के लिए जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया। इससे प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। वहीं, कांग्रेस शासन में निकाय और पंचायत चुनावों की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रहती थी, जिससे सरकारी संसाधनों और जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ता था, लेकिन हमारी सरकार ने जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए तीनों जगह फिर से एक-एक नगर निगम और ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ को साकार करने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा और हाड़ौती के विकास के लिए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला निरंतर प्रयासरत हैं। कोटा में एयरपोर्ट की लंबे समय से चली आ रही मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सड़क, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार हो तथा क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व मिले, तो विकास कार्यों को गति मिलती है। ऐसे में अब डबल इंजन की सरकार के साथ निकायों और पंचायतों में भी भाजपा का तीसरा इंजन जोड़ना जरूरी है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचे।
मदन दिलावर शिक्षा मंत्री राज. सरकार, हीरालाल नागर ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राज. सरकार, संदीप शर्मा विधायक कोटा दक्षिण एवं कल्पना देवी विधायक लाडपुरा सहित जनप्रतिनिधियों ने जनता से निकाय चुनाव में भाजपा को समर्थन के लिये अपील की।
जिलाध्यक्ष जैन ने अध्यक्षीय संबोधन मे कहा कि माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम जी बिरला के प्रयासों से हमारे ऐतिहासिक कैथूनीपोल क्षेत्र में मथुराधीश जी कॉरिडोर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और नई लिंक रोड जैसे अनेक विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। आज कोटा की ऐसी कोई गली, सड़क या पार्क नहीं, जहाँ विकास कार्य दिखाई न दे रहा हो। आज राजस्थान के साथ-साथ कोटा भी विकास की नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोटा की धरती से कहा था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और कोटा का एयरपोर्ट का सपना पूरा होकर रहेगा, वो वायदा आज पूरा हो रहा है।
हमारा संकल्प है जनता की मूलभूत सुविधाओं का विकास और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कोटा का विकास। हमारा लक्ष्य कोटा स्वच्छ, सुंदर, स्मार्ट और हरियाली से भरपूर शहर बने।
जैन ने बताया की सीएम को कमल का फूल दिया गया, माला , साफा, शॉल व 51 किलो पुष्पहार से स्वागत किया गया। सम्पूर्ण रोड शो मार्ग पर व्यापारीयों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओ, आमजन ने पुष्पवर्षा कर, माला पहनाकर सीएम का अभिनंदन किया। बैंड पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गाने बज रहे थे, चारो तरफ भाजपामय वातारवरण बना हुआ था। वेद महाविद्यालय के बटुको द्वारा मंत्रोच्चारण से स्वागत किया गया। जयपुर गोल्डन पर रोड शो का समापन हुआ, यहां से सीधे एयरपोर्ट से जयपुर के लिये सीएम ने प्रस्थान किया।
छगन माहुर प्रदेश उपाध्यक्ष, पंकज मेहता प्रदेश प्रवक्ता, श्याम अग्रवाल प्रदेश सहकोषाध्यक्ष, अल्का मूंदडा कोटा संभाग प्रभारी, अजीत मेहता कोटा संभाग चुनाव सहप्रभारी, रंजीता कोली पूर्व सांसद/चुनाव पर्यवेक्षक, गोविंद शर्मा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य, स्नेहा कंबोज कोटा सहप्रभारी, राजीव अग्रवाल पूर्व महापौर निगम दक्षिण मंचस्थ रहे। जिला महामंत्री रितेश चित्तौडा ने मंच संचालन किया।






