ग्राम पंचायत लालपुरा में आयोजित हुआ वित्तीय साक्षरता एवं जन-जागरूकता शिविर
लालपुरा, बूंदी /भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा प्रायोजित , नाबार्ड द्वारा वितपोषित व आरोह फाउंडेशन द्वारा संचालित वित्तीय साक्षरता केंद्र तालेड़ा द्वारा वित्तीय साक्षरता एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत लालपुरा के सभागार में किया गया
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग, बीमा, पेंशन, बचत, निवेश तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर में भारतीय रिजर्व बैंक जयपुर के अग्रणी जिला अधिकारी (एलडीओ) निहार शर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) गोपाल शेखर झा, सहायक अग्रणी जिला प्रबंधक पशुपति नाथ झा, आरोह फाउंडेशन जयपुर जोन के जिला समन्वयक दीपक चौधरी, वित्तीय साक्षरता केंद्र तालेड़ा के वित्तीय परामर्शदाता विकास पांचाल एवं सहायक वित्तीय परामर्शदाता तुलसीराम सैनी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), पीपीएफ (PPF), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
शिविर में KYC, Re-KYC एवं C-KYC के महत्व तथा बैंक खातों में नॉमिनी दर्ज कराने की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को साइबर अपराध, साइबर फ्रॉड, मनी म्यूल और डिजिटल अरेस्ट जैसे बढ़ते ऑनलाइन अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।
वक्ताओं ने ग्रामीणों को दैनिक जीवन में बचत एवं निवेश की आदत विकसित करने, घरेलू बजट बनाने तथा वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी हनुमान बैरवा, राजीविका क्लस्टर कॉर्डिनेटर मीनाक्षी मीणा, हनुमान मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत लालपुरा एवं राजीविका की क्लस्टर मैनेजर मीनाक्षी मीणा का वित्तीय साक्षरता केंद्र तालेड़ा एवं आरोह फाउंडेशन की ओर से आभार व्यक्त किया गया।







