कोटा/20 जुलाई। ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत नगर निगम कोटा एवं एनविज़न 5आर वेस्ट मैनेजमेंट द्वारा सेक्टर क्रमांक 9, वार्ड क्रमांक 16 स्थित तेजाजी मंदिर परिसर, रायपुरा डीसीएम में सफाई मित्र कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में सफाई मित्रों को स्वच्छ सर्वेक्षण-2026, स्वच्छ भारत मिशन, घर-घर स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, एकल उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के नियमित उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की गई। वक्ताओं ने स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नगर निगम कोटा के मुख्य स्वच्छता निरीक्षक भारत धूलिया, स्वच्छता निरीक्षक मनोज एवं जमादार महावीर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनविज़न 5आर वेस्ट मैनेजमेंट के आईईसी एक्सपर्ट दीपेश बघेल तथा टीम सदस्य अमन ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफाई मित्रों ने स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।





















