कोटा। श्री हिंदी साहित्य समिति की मासिक काव्य गोष्ठी वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन कार्यालय के बोर्ड रूम में समिति के कोषाध्यक्ष इरशाद खान के सहयोग से गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार इंजी. रघुराज सिंह कर्मयोगी ने की। मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह गौड़ तथा विशिष्ट अतिथि राजेंद्र पवार रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों के करकमलों से वरिष्ठ साहित्यकार खुशीराम सिंह चौधरी एवं जमील कुरैशी को उनकी उल्लेखनीय साहित्यिक सेवाओं के लिए “सारस्वत सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि खुशीराम सिंह चौधरी दो पुस्तकों के रचनाकार हैं, जबकि जमील कुरैशी ग़ज़लों की पांच पुस्तकों का सृजन कर चुके हैं।
कार्यक्रम का संचालन अपनी चर्चित ग़ज़लों के लिए प्रसिद्ध ग़ज़लकार वाजिद अली ने प्रभावशाली ढंग से किया। सम्मान प्राप्त साहित्यकारों खुशीराम सिंह चौधरी एवं जमील कुरैशी ने श्री हिंदी साहित्य समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साहित्य साधना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा उपस्थित साहित्यकारों को संबोधित किया।
काव्य गोष्ठी में साहित्यकारों ने वीर, श्रृंगार, हास्य, करुण और सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर इंजी. रघुराज सिंह कर्मयोगी, जमील कुरैशी, खुशीराम सिंह चौधरी, सुरेंद्र सिंह गौड़, सुरेंद्र कुमार कालिया, रतनलाल वर्मा, राजेंद्र पवार, सुरेश भैया, रमाकांत शर्मा, सीमा तबस्सुम, सुधीन्द्र गौड़, रामकरण प्रभाती, कमलेश कमल तथा छोटूराम सहित अनेक साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का प्रभावशाली पाठ किया और श्रोताओं की भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का समापन साहित्य, भाषा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ हुआ।






