Tuesday, October 13, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान -वन्य जीवों के लिए जल स्रोत निर्माण का शुभारंभ, आंवली वन क्षेत्र में तलाई व एनिकट बनेंगा

भारत सिंह चौहान

कोटा। शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को आंवली गांव स्थित वन भूमि पर वन एवं वन्य जीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। यहां वन्य जीवों एवं वनस्पतियों के लिए स्थायी जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नए जल स्रोतों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल की उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से तलाई (जलाशय) एवं कच्चे एनिकट निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम की जानकारी संयोजक योगिता महावर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रकाश जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल मानव समाज की आवश्यकता नहीं, बल्कि वन्य जीवों और पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आंवली क्षेत्र की वन भूमि में गर्मी के मौसम के दौरान वन्य जीवों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए शिक्षा सहकारी सभा द्वारा यहां एक तलाई तथा दो कच्चे एनिकटों का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन जल संरचनाओं के निर्माण से वर्षा जल का संचयन होगा, जिससे लंबे समय तक पानी उपलब्ध रहेगा। इससे वन्य जीवों को पीने के पानी की सुविधा मिलेगी तथा आसपास के पेड़-पौधों और वनस्पतियों को भी पर्याप्त नमी एवं जल उपलब्ध हो सकेगा। यह कार्य पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्द्धन की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित होगा।

जायसवाल ने कहा कि जल संरक्षण की संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज में जल के महत्व के प्रति चेतना विकसित करना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में स्काउट-गाइड सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, नयागांव, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी तथा लाल बहादुर शास्त्री ओपन स्काउट ट्रूप के स्काउट, गाइड एवं रेंजर्स उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित जनों ने जल स्रोत निर्माण कार्य को पर्यावरण एवं वन्य जीव संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सहयोग का संकल्प लिया। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्द्धन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Screenshot_2026-10-05-18-54-50-53_c0d35d5c8ea536686f7fb1c9f2f8f274
previous arrow
next arrow
IMG-20261001-WA0050
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles