कोटा। नगर निगम अतिक्रमण दस्ते द्वारा बुधवार को प्राप्त शिकायतों के आधार पर डीसीएम के कंसुआ क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पुरातत्व विभाग द्वारा जारी नोटिसों की तामील कराते हुए कंसुआ शिव मंदिर के निकट प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना निर्माण स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया। यह मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में आता है। विभाग द्वारा निर्माण कार्य पर आपत्ति दर्ज कर प्रशासन को कार्रवाई के लिए पाबंद किया गया था।
मौके पर मौजूद नगर निगम टीम ने निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम अतिक्रमण दस्ता, संबंधित सेक्टर प्रभारी एवं उद्योग नगर थाना पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा।










