कोटा। आदिश्वर महिला मंडल द्वारा 25वां स्थापना दिवस एवं मदर्स डे श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम भक्ति, संस्कृति और मातृत्व सम्मान की भावनाओं से ओतप्रोत रहा।
मंडल अध्यक्ष मधु शाह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि अर्चना (रानी) जैन सर्राफ सहित मधु शाह, उर्मिला शाह, दमयंती हरसौरा, सीमा गोधा, मीना पाटनी, नेहा हरसौरा एवं सरिता शाह द्वारा सामूहिक रूप से किया गया। मंगलाचरण सीमा शाह एवं प्रीति लुहाड़िया ने प्रस्तुत किया।
मदर्स डे के उपलक्ष्य में उपस्थित सभी मातृशक्तियों का तिलक, माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में सिद्धेश्वरी, रानू, प्रीति हरसौरा, पिंकी टोंग्या, मधु शाह एवं नन्ही बालिका नवधा द्वारा बागबान फिल्म पर आधारित एक मार्मिक नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित जनों को भावुक कर दिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर सीमा कासलीवाल, अनिता पाटोदी, हर्ष सोगानी एवं दमयंती हरसौरा द्वारा धार्मिक “भक्तामर महिमा” नाटिका की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। वहीं माँ की महिमा पर आधारित नृत्य-नाटिका सीमा गोधा एवं रानी दौराये द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसे सभी ने सराहा।
अध्यक्ष मधु शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना, मातृत्व के सम्मान की भावना जागृत करना तथा नारी शक्ति एवं पारिवारिक संस्कारों के महत्व को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना है।
कार्यक्रम में उपहार प्रायोजक कविता दुगेरिया एवं मधु शाह रहे। मंडल की 55 सदस्याओं ने भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में स्थापना दिवस एवं मदर्स डे का आनंद लिया। इस अवसर पर “सुपर माँ” का खिताब अलका ओढ़नी को प्रदान किया गया तथा उन्हें पट्टा, क्राउन, माला एवं बुके देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री दमयंती, कोषाध्यक्ष सीमा गोधा, संरक्षक उर्मिला शाह, सह-कोषाध्यक्ष सरिता शाह, सह सचिव नेहा हरसौरा, प्रचार-प्रसार मंत्री मृदुला सहित अनेक सदस्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
आयोजन में पुण्योदय नसिया कमेटी के सहयोग हेतु मंडल अध्यक्ष मधु शाह एवं समस्त समिति ने आभार व्यक्त किया। पुण्योदय नसिया जी के अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने आदिश्वर महिला मंडल के इस अनुकरणीय आयोजन की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण एवं सांस्कृतिक जागरण की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया।






