-भारत सिंह चौहान
कोटा। प्रगति इंटरनेशनल स्कूल में आज नन्हें-मुन्ने बच्चों के लिए ग्रेजुएशन डे सेरेमनी का भव्य और भावनात्मक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, खुशी और गर्व के माहौल से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नृत्य और रैम्प वॉक के जरिए उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
ग्रेजुएशन कैप और गाउन में सजे छोटे-छोटे बच्चों को देखकर अभिभावक भावुक हो उठे और पूरा वातावरण खुशी और गर्व से भर गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कल्पना शर्मा के आगमन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. जफर मोहम्मद, डायरेक्टर डॉ. परवेज एवं प्रधानाचार्य डॉ. फैमिना सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अभिभावकों के लिए आयोजित म्यूजिकल चेयर, बैलून रेस सहित अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ इस खास दिन को उत्साहपूर्वक मनाया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कल्पना शर्मा ने विद्यालय के पारिवारिक माहौल, बच्चों के सर्वांगीण विकास और शिक्षकों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन उत्साह, उमंग और यादगार पलों से भरपूर रहा, जिसे सभी ने खूब सराहा।






