कोटा।गोस्वामी समाज के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में निर्माणाधीन गोस्वामी छात्रावास का भव्य शुभारंभ इसी वर्ष के अंत तक किया जाएगा। यह जानकारी छात्रावास के अध्यक्ष हंसराज गोस्वामी ने दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में छात्रावास का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। छात्रावास पूरी तरह से समाज के बच्चों के लिए निशुल्क रहेगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान विद्यार्थी बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
अध्यक्ष हंसराज गोस्वामी ने कहा कि छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए रहने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ भोजन की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। स्वच्छ वातावरण, सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह छात्रावास समाज के शिक्षा स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।
समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह छात्रावास आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव साबित होगा।





