कोटा। शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक युवती के अदालत में बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट परिसर में हंगामा हो गया। युवती के बयान से असंतुष्ट परिजन, रिश्तेदार और कुछ वकील आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
युवती की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 21 जनवरी को उनकी बेटी स्कूल में पढ़ाने के लिए गई थी, जहां से एक युवक उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस घटना को लेकर परिजनों ने तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाद में युवती को दस्तयाब कर लिया।
सोमवार को युवती को उसके बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश किया गया। मां का आरोप है कि उनकी बेटी उनके साथ घर आना चाहती है, लेकिन युवक द्वारा डराने-धमकाने के कारण उसने युवक के पक्ष में बयान दे दिए। इसी बात को लेकर परिजन आक्रोशित हो गए और विरोध जताने लगे।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब बयान के दौरान युवती के परिजन उसे अपने साथ ले जाने लगे। इससे कोर्ट परिसर में तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने का प्रयास किया।
नयापुरा थाना अधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया कि एक युवक युवती को लेकर फरार हो गया था। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को कोर्ट में पेश किया। बयान के दौरान परिजनों द्वारा युवती को साथ ले जाने के प्रयास से स्थिति बिगड़ गई।
हालात को देखते हुए अदालत ने युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे नारी निकेतन भेजने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को समझाइश देकर शांत कराया और कोर्ट परिसर में व्यवस्था बहाल की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।






