जयपुर। एसोसिएशन ऑफ स्माल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स ऑफ इंडिया (असमनी) के तत्वावधान में शनिवार (31 जनवरी) को सामाजिक सरोकार एवं अपराध पत्रकारिता पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष असमनी का यह पहला एकेडमिक कार्यक्रम है।
असमनी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला जे.एल.एन. मार्ग स्थित कलानेरी परिसर में दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी। कार्यशाला के मुख्य अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क आयुक्त राकेश शर्मा होंगे। अध्यक्षता मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी गोविंद पारीक करेंगे।
संयोजक गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. गोवर्धन लाल शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार गुलाब बत्रा विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यशाला को पत्रकार हरीश पाराशर, ऐश्वर्या प्रधान एवं मदन कलाल मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। वे सामाजिक सरोकार एवं अपराध आधारित पत्रकारिता के पक्षों पर प्रकाश डालेंगे। फील्ड में की जाने वाली ऐसी रिपोर्टिंग के तकनीकी पक्षों की जानकारी देंगे। यह कार्यशाला नए रिपोर्टरों के प्रशिक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सदस्यता नवीनीकरण का कार्य पूर्ण
संगठन की महासचिव अमृता मौर्य ने बताया कि सदस्यता नवीनीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। सभी सदस्यों के प्रेस कार्ड जल्द ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष केडी चंदोला के अनुसार नवीनीकरण की अंतिम तारीख 25 जनवरी बीत जाने के बाद अब विलम्ब शुल्क सहित तारीख 5 फरवरी तक नवीनीकरण कराया जा सकता है।
लघु वृत्तचित्र का होगा प्रदर्शन
गोपाल गुप्ता ने बताया परिवार कार्यशाला में डीग स्थित बहज के टीलों से खुदाई में मिले ब्राह्मी लिपि सहित महाभारत एवं गुप्त कालीन पुरातात्विक साक्ष्यों पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया जाएगा। पुरातत्व विभाग द्वारा निर्मित इस लघु वृत्तचित्र का सार्वजनिक प्रदर्शन पहली बार हो रहा है।






