Thursday, July 30, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

नए कारीगर ने दिया धोखा: सवा करोड़ की चोरी कर फरार, CCTV में कैद वारदात

कोटा।शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में विश्वासघात और सुनियोजित चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्वर्ण-चांदी के प्रतिष्ठित व्यापारी के कारखाने से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य का 761 ग्राम सोना चोरी हो गया। हैरानी की बात यह है कि यह चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि कुछ दिन पहले ही काम पर रखे गए नए कारीगर ने की।

चाबी चुराई, तिजोरी साफ की और हो गया फरार

पीड़ित व्यापारी कपिल सोनी, जो स्वर्ण रजत मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष भी हैं, ने बताया कि उनका सोने-चांदी का कारखाना महावीर नगर द्वितीय क्षेत्र में स्थित है। यहां करीब 20 कारीगर, अन्य स्टाफ और निगरानी के लिए एक मैनेजर कार्यरत था।

रविवार को कारखाना बंद था। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे, नया कारीगर इमरान कारखाने की चाबी चुराकर भीतर दाखिल हुआ और तिजोरी में रखे सोने की बट्टियां व आभूषण लेकर फरार हो गया।

मैनेजर के बाहर जाने का उठाया फायदा

घटना के समय मैनेजर भोजन के लिए बाहर गया हुआ था। जब वह रात 10 बजे तक वापस नहीं लौटा, तब स्टाफ को शक हुआ। इमरान के अचानक गायब होने पर जब तिजोरी की जांच की गई, तो सच्चाई सामने आई—तिजोरी खाली थी।

इसके बाद तत्काल महावीर नगर थाने को सूचना दी गई और मामला दर्ज करवाया गया।

CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी कारीगर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

आईडी संदिग्ध, नाम भी बदला हो सकता है

शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपी का नाम इमरान बताया जा रहा है, जो उसकी आईडी के अनुसार है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नाम और पहचान फर्जी हो सकती है।

पुलिस के अनुसार, कारीगर का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था, जिससे जांच में अब अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

ऑनलाइन एजेंट के जरिए मिली थी नौकरी

कपिल सोनी ने बताया कि आरोपी को उन्होंने एक ऑनलाइन एजेंट और कारीगरों के सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से संपर्क में आकर काम पर रखा था। आरोपी ने आधार कार्ड भी दिया था, जिसकी सत्यता की जांच अब पुलिस कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

महावीर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया गतिविधियों और आईडी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने की बरामदगी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles