रामावतार राठौर✍️
कोटा/विद्या भारती शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित छावनी स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंगों से सराबोर नजर आया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजित समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताएं, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित अतिथि एवं अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संस्कारों पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसे अतिथियों द्वारा खूब सराहा गया।
प्रधानाचार्य दिनेश जैन (प्राथमिक विभाग) ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की अध्यक्षता समाज सेविका श्रीमती स्वीटी खंडेलवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बृजमोहन नवारिया (सेवानिवृत्त संरक्षण अधिकारी, अनु शक्ति केंद्र रावतभाटा) उपस्थित रहे। वहीं मुख्य वक्ता विकास सिंघल (एलन कैरियर इंस्टिट्यूट) ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन चैतन्य गुप्ता ने किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव भानु प्रकाश गौतम ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।






