Saturday, April 18, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

कोटा में सेवा का नया अध्याय: राठौर सोशल ग्रुप की पहल, शादियों का शुभारंभ अब रक्तदान से

-रामावतार राठौर कराड़िया

कोटा।राठौर सोशल ग्रुप सोसायटी कोटा संभाग ने समाजसेवा के क्षेत्र में एक बार फिर अनोखी और प्रेरणादायी पहल कर मिसाल कायम की है। “शादियों का शुभारंभ अब रक्तदान से”—इस भाव के साथ सोसायटी ने मानवता और सेवा को विवाह जैसे पावन संस्कार से जोड़ने का अभिनव संकल्प लिया है।

राठौर सोशल ग्रुप सोसायटी पिछले 10 वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में कोटा का गौरव बनी हुई है। वर्ष 2016 में श्रीराम ब्लड बैंक में लगाए गए पहले रक्तदान शिविर से शुरू हुई यह यात्रा आज निरंतर सेवा का पर्याय बन चुकी है। सोसायटी के कार्यकर्ता 24×7 सेवा के लिए तत्पर रहते हैं—चाहे जरूरतमंद राठौर समाज का सदस्य हो या कोई बाहरी व्यक्ति, एक फोन या संदेश पर रक्त उपलब्ध कराया जाता है।

सोसायटी अब तक कोटा के विभिन्न ब्लड बैंकों में सैकड़ों रक्तदान शिविर आयोजित कर चुकी है। जन्मदिन, शादी की सालगिरह और पुण्यतिथि जैसे अवसरों को रक्तदान से जोड़ना सोसायटी का मूल मंत्र रहा है।

अब इस सेवा यात्रा में एक नया और प्रेरक अध्याय जुड़ने जा रहा है। 23 जनवरी, बसंत पंचमी के अवसर पर खड़े गणेश जी मंदिर के पीछे स्थित देवनारायण मंदिर में आयोजित होने वाले द्वितीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में सभी वर-वधुओं के वैवाहिक संस्कार का शुभारंभ “जीवन द्रव्य दान” यानी रक्तदान शिविर से किया जाएगा। यह पहल समाज में सेवा भावना की नई लहर पैदा करेगी।

सोसायटी की उल्लेखनीय उपलब्धियां:

राठौर सोशल ग्रुप सोसायटी ने रक्तदान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अनाथ आश्रम, मुखबधिर बच्चों एवं सरकारी विद्यालयों में वेशभूषा, स्वेटर, कॉपी-किताब और कंबल वितरण, भीषण गर्मी में 1100 जोड़ी चप्पल-जूतों का वितरण और जगह-जगह पानी की प्याऊ लगाना, हर दीपावली पर 500 निर्धन परिवारों को नए कपड़े भेंट, समाज की रसोई (निधन पर प्रथम दिन का भोजन), प्रतिवर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह, भजन संध्या व अन्नकूट दीपावली मिलन जैसे कार्यक्रम सोसायटी की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

सोसायटी अध्यक्ष अनिल इंदौरा ने कहा कि “सेवा ही हमारा सबसे बड़ा धर्म है। विवाह जैसे पवित्र अवसर को रक्तदान से जोड़कर हम नई पीढ़ी को मानवता और समाजसेवा के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल कोटा शहर में सामाजिक जागरूकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

राठौर सोशल ग्रुप सोसायटी की यह पहल न केवल समाज के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए प्रेरणा स्रोत बन रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles