‘कोटा/टूरिज्म व प्रेरणादायी लेखन के लिए पहचाने जाने वाले लेखक परमानन्द गोयल ने कोटा स्थित एक निजी आईएएस–आरएएस कोचिंग संस्थान में विद्यार्थियों से संक्षिप्त संवाद किया।
संस्थान के निदेशक संजय शर्मा ने गोयल का परिचय ‘कोटा टूरिज्म’ और ‘विचारों की उड़ान’ जैसी पुस्तकों के लेखक के रूप में करवाया, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्सुकता देखी गई।
अपने संबोधन में गोयल ने अपनी नवीन पुस्तक “विचारों की उड़ान : जीवन आपका, नज़रिया आपका और दृष्टिकोण भी आपका” के माध्यम से सकारात्मक सोच, आत्मचेतना और जीवन मूल्यों पर विचार साझा किए।
उन्होंने बताया कि पुस्तक को छह विषयगत वर्गों—सोच व समाज, युवा व शिक्षा, तकनीक व सुरक्षा, प्रेरणा व मूल्य, संस्कृति व गौरव तथा यात्रा व पर्यावरण—में विभाजित किया गया है। गोयल ने कहा कि यह पुस्तक पाठकों को स्वयं सोचने और स्वतंत्र दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर पुस्तक की कुछ प्रतियाँ निदेशक संजय शर्मा को विद्यार्थियों के अध्ययन हेतु भेंट की गईं तथा अध्ययन के उपरांत पुनः संवाद का विश्वास दिया गया।






