Saturday, April 18, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

आस्था का मुखौटा, ठगी का खेल: दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार-तंत्र-मंत्र के नाम पर 26 लाख की धोखाधड़ी

कोटा | गुमानपुरा थाना क्षेत्र आस्था और तंत्र-मंत्र के नाम पर 26 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी के मामले में गुमानपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताकर फरियादी और उसके परिवार को कर्ज की समस्या से उबारने का झांसा दिया था।

सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि वर्ष के अंतिम माह में जिले के सभी सर्किल व थाना अधिकारियों को अधिक से अधिक लंबित प्रकरणों के निस्तारण और वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना गुमानपुरा के थानाधिकारी महेश कुमार (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

दो साल से था फरार आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी अंकित पुत्र जगदीश (उम्र 30 वर्ष), निवासी प्रेमनगर द्वितीय, पुलिस थाना उद्योग नगर, कोटा शहर, वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी गई, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी या सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया।

ऐसे हुआ था ठगी का खुलासा

इस मामले में फरियादी कलश पुत्र सुनील, निवासी नई धानमंडी, गुमानपुरा, कोटा ने 25 जून 2024 को थाना गुमानपुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार आरोपी अंकित ने वर्ष 2022 से फरवरी 2024 के बीच उसे और उसके परिवार को ऋण और आर्थिक संकट से मुक्ति दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए उसने तंत्र-मंत्र, भागवत कथा, मंत्र जाप, अनुष्ठान और गौदान जैसे धार्मिक कार्यों का हवाला दिया।

इन सबके नाम पर आरोपी ने धीरे-धीरे 26 लाख रुपये नकद के साथ-साथ सोने के आभूषण—चेन, नेकलेस और ब्रेसलेट—हथिया लिए और बाद में फरार हो गया।

धारा 420 और 406 में मामला दर्ज

फरियादी की शिकायत पर थाना गुमानपुरा में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी के बारे में आसूचनाएं एकत्र कीं।

आरोपी गिरफ्तार, बरामदगी की कोशिश जारी

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 दिसंबर 2025 को आरोपी अंकित को डिटेन कर अनुसंधान के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से ठगी की गई रकम और सोने के आभूषणों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, चमत्कार या झांसे में आकर आर्थिक लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

यह गिरफ्तारी न केवल पीड़ित परिवार के लिए राहत है, बल्कि ऐसे ठगों के लिए भी कड़ा संदेश है कि कानून से बच पाना आसान नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles