कोटा।पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नसिया जी दादाबाड़ी, कोटा के चुनाव परम पूज्य निर्यापक मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में अशोक नगर स्थित परिसर में संपन्न हुए। इस अवसर पर सैकड़ों सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने गुरुदेव के दर्शन किए और चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया।
चुनाव अधिकारी हुकमचंद जैन एडवोकेट ने बताया कि जम्बू जैन सर्राफ को तीसरी बार निर्विरोध सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए विजय घोषित किया गया। वहीं, महेंद्र कासलीवाल को महामंत्री और मनीष मोहिवाल को कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्णायक मतों से विजयी घोषित किया गया।
हुकमचंद जैन (काका निर्देशक) ने बताया कि चुनाव संपूर्ण विधिक प्रक्रिया अपनाकर संपन्न कराए गए। पूर्व कार्यकारिणी को भंग करने के बाद नए पदाधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज पूरे कराकर सभी सदस्यों के बीच परिणाम घोषित किए गए। तत्पश्चात सभी विजयी प्रत्याशियों ने श्रीफल भेंट कर गुरुदेव से आशीर्वाद लिया।
अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने कहा कि शेष पदों की घोषणा भी आपसी चर्चा कर गुरुदेव के सानिध्य में की जाएगी। क्षेत्र को हाड़ौती में अग्रणी श्रेणी में लाने के लिए पूरी टीम मिलकर विकास कार्य करेगी।
महामंत्री महेंद्र कासलीवाल ने कहा कि पूज्य गुरुदेव द्वारा बताए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन होगा और विधान को सर्वोपरि रखते हुए किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। वहीं, कोषाध्यक्ष मनीष मोहिवाल ने बताया कि चुनाव अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख श्रेष्ठी प्रकाश बज, पारस सोगानी, अर्चना दूगेरिया सर्राफ, अशोक खादी, अनुराग, संजय दूगेरिया, मधु जी शाह, आशा श्रीमाल, कामिनी, अजय जी कन्जोलिया, आलोक , सुमित सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।






