कोटा, 5 जून। कोटा में वन्यजीव प्रेमियों ने बाघ बचाओ, बाघ बढ़ाओ अभियान की शुरुआत की है। कुंदन चीता के नेतृत्व में वन्यजीव प्रेमियों ने किशोरपुरा स्थित सीसीएफ कार्यालय पर प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और मुकंदरा में जल्द बाघ लाने की मांग की। कुंदन चीता ने कहा कि मुकंदरा टाइगर हिल्स रिजर्व सेंचुरी की स्थापना को काफी समय हो गया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि यहां बाघों की संख्या बढ़ेगी और पर्यटन की दृष्टि से कोटा की पहचान मजबूत होगी। लेकिन दुर्भाग्यवश, वन विभाग की लापरवाही के कारण यहां लाए गए बाघ, बाघिन और उनके शावक मर गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग के अधिकारियों का रणथंभौर से जुड़ाव है, क्योंकि वहां धन्ना सेठ लोगों का अच्छा व्यवसाय चलता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय पर मुकंदरा में बाघों की संख्या नहीं बढ़ी तो कोटा में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी मुकंदरा में बाघ लाना ही नहीं चाहते और इस क्षेत्र को उजाड़ना चाहते हैं।






