भारत सिंह चौहान✍️
कोटा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से विभिन्न सेवा स्थलों पर आध्यात्मिक एवं सामाजिक जागृति का संदेश दिया गया। बल्लभ नगर सेवा केंद्र की प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी ने केंद्रीय कारागृह, कोटा पहुंचकर बंदियों एवं सुरक्षा कर्मियों को रक्षा सूत्र बांधा। इस अवसर पर सभी को नशे से दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने की प्रतिज्ञा भी करवाई गई।
राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी ज्योति दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से बचाने, श्रेष्ठ कर्म करने और जीवन में पवित्रता व सकारात्मकता अपनाने का संकल्प है। उन्होंने उपस्थित लोगों को राजयोग ध्यान की विधि समझाते हुए जीवन में शांति, संयम और श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में सभी को ईश्वरीय प्रसाद वितरित कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।
इसी क्रम में कमला उद्यान सेवा केंद्र की बीके रेणु दीदी एवं बीके दिव्या दीदी ने नारी निकेतन, नांता में कर्मचारियों तथा बालिका गृह में रहने वाली कन्याओं को रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने बालिकाओं को जीवन में सच्चाई, स्वच्छता, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। रक्षाबंधन के इस अवसर पर सेवा, आध्यात्मिक जागृति और नशामुक्त जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।












