कोटा।कोटा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन क्रिमिनल डिस्टर्बिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह फर्जी शादी करवाकर लाखों रुपये की ठगी करता था। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि रामगंजमंडी थाना क्षेत्र में दर्ज दो मामलों की जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य दलालों के माध्यम से शादी के इच्छुक युवकों से संपर्क करते थे। इसके बाद झारखंड व अन्य राज्यों की महिलाओं से फर्जी शादी कराकर लाखों रुपये वसूल लेते थे। शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन बीमारी या अन्य बहाना बनाकर घर से फरार हो जाती थी और ठगी की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने अलग-अलग मामलों में 1 लाख से 2 लाख रुपये तक की ठगी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार और राजस्थान के रहने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में रामगंजमंडी थाना पुलिस की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।















