कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे कोर्ट के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हिमांशु गर्ग के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अवैध वेंडरों तथा रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न मामलों में कुल 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
विशेष अभियान के तहत कोटा रेलवे स्टेशन से सवाई माधोपुर तथा सवाई माधोपुर से कोटा रेलखंड तक चलने वाली ट्रेनों, रेलवे प्लेटफॉर्म और खानपान स्टॉलों की संयुक्त जांच की गई। अभियान में जीआरपी, आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रेलवे परिसर में नियमों की पालना सुनिश्चित कराई।
जांच के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले 8 यात्रियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं आरपीएफ ने रेल अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में 14 लोगों को पकड़कर रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
इसके अलावा टिकट चेकिंग स्टाफ ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 6 यात्रियों को पकड़ा। सभी को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उनसे मौके पर ही 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और रेलवे नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।






