कोटा। ‘सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत नगर निगम कोटा एवं एनविज़न 5आर वेस्ट मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर क्रमांक 4, वार्ड क्रमांक 69, कुन्हाडीं में सफाई मित्र कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य सफाई मित्रों को स्वच्छता संबंधी नवीन दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण-2026, स्वच्छ भारत मिशन, स्रोत स्तर पर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, एकल उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन तथा कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) के नियमित उपयोग के महत्व पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम कोटा के सीएसआई प्रह्लाद माली एवं एसआई संदीप पटोना ने सफाई मित्रों को स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी एवं सुरक्षा के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला का संचालन एनविज़न 5आर वेस्ट मैनेजमेंट के आईईसी एक्सपर्ट दीपेश बघेल तथा टीम सदस्य अमन एवं तुषार धामुनिया ने किया। उन्होंने सफाई मित्रों को स्वच्छता प्रबंधन, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।






