कोटा। शहर की उभरती बॉक्सर अरुंधती चौधरी का चयन मंगोलिया में आयोजित होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 मार्च से 11 अप्रैल तक आयोजित होगी, जिसमें अरुंधती 70 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अरुंधती के बेसिक कोच अशोक गौतम के अनुसार, प्रतियोगिता से पूर्व भारतीय टीम का अभ्यास शिविर 13 से 27 मार्च तक मंगोलिया में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में 10 पुरुष और 10 महिला सहित कुल 20 बॉक्सर हिस्सा ले रहे हैं।
सोमवार को भारतीय टीम कोच, मैनेजर और डॉक्टर के साथ मंगोलिया के लिए रवाना हो चुकी है। अरुंधती के चयन से कोटा में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।






