Saturday, February 28, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

महाराणा प्रताप का राज्यारोहण दिवस 28 फरवरी को प्रदेशभर के स्कूलों में मनाया जाएगा

कोटा/प्रदेश के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में 28 फरवरी को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का राज्यारोहण दिवस मनाया जाएगा। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोजन बोर्ड परीक्षाओं के कार्यक्रम को प्रभावित किए बिना किया जाएगा।

शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 5, 8, 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम सीमित रूप में आयोजित होंगे। राज्य के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित प्रेरक प्रसंगों की जानकारी दी जाएगी, ताकि विद्यार्थी उनके त्याग, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा ले सकें।

सभी स्कूलों में होंगे विविध आयोजन

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि राज्यारोहण दिवस सभी विद्यालयों में मनाया जाएगा। परीक्षा सत्र होने के कारण कार्यक्रम सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएंगे। प्रार्थना सभा में शिक्षकों द्वारा महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला जाएगा तथा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे।

विद्यालय स्तर पर महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों में कक्षा 3, 4, 6, 7, 9 एवं 11 के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा।

बोर्ड परीक्षाएं नहीं होंगी प्रभावित

विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन इस प्रकार किए जाएं जिससे बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों के कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

उल्लेखनीय है कि मंत्री मदन दिलावर ने सांसद सीपी जोशी की मांग से सहमति जताते हुए राज्यारोहण दिवस मनाने की घोषणा की थी। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में इतिहास के गौरवपूर्ण अध्यायों के प्रति जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles