कोटा।न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसाइटी के तत्वावधान में आगामी 5 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले अष्टम हाडोती गौरव सम्मान 2026 के अंतर्गत इस वर्ष कोटा के विकास में अमूल्य योगदान देने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन व्यक्तियों को समर्पित होगा, जिन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्य, समर्पण और सेवा भावना से कोटा शहर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम संयोजक के.के. शर्मा कमल, संरक्षक परमानंद गोयल एवं पंकज बागड़ी के नेतृत्व में आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव श्री मुकेश चौधरी से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पधारने का आमंत्रण सौंपा। इस अवसर पर यह विचार व्यक्त किया गया कि “स्वच्छ कोटा – स्वस्थ कोटा” की परिकल्पना को साकार करने में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अहम योगदान रहा है, उनका सार्वजनिक मंच पर सम्मान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
हाडोती गौरव सम्मान के संभागीय संयोजक लोकेश शर्मा एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रतीक गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि निशुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित है। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, खेल एवं अन्य मान्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं से आग्रह किया कि वे शेष दो दिनों में अपना निशुल्क आवेदन अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जा सके।
न्यू कोटा इंटरनेशनल सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती अंजू शर्मा एवं महिला संयोजक प्रतीक्षा पारीक ने विशेष रूप से महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक महिलाएं आगे आकर आवेदन करें, जिससे हाडोती गौरव सम्मान में महिला प्रतिभाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर सचिन इंजीनियर एवं पुष्पकांत ने बताया कि जिलेवार आवेदन की व्यवस्था की गई है जिसमें कोटा जिला : कार्यक्रम समन्वयक प्रतीक गोयल, संभागीय संयोजक लोकेश शर्मा एवं महिला संयोजक प्रतीक्षा पारीक को,
बारां जिला : जिला संयोजक राजीव अग्रवाल को,झालावाड़ जिला : जिला संयोजक ईश्वर शर्मा को,
बूंदी जिला : जिला संयोजक भरत शर्मा को नियुक्त किया है प्रतिभाएं अपने निशुल्क आवेदन उन्हें जमा कर सकेंगे।
सभी जिलों की प्रतिभाएं 20 दिसंबर तक निशुल्क आवेदन पत्र संबंधित संयोजकों के पास जमा कर सकती हैं।आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी हर्षित शर्मा कमल ने बताया कि हाडोती गौरव सम्मान 2026 केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि हाडोती क्षेत्र की प्रतिभाओं, सेवाभावी व्यक्तियों एवं विकास में योगदान देने वाले कर्मयोगियों को सम्मानित कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त प्रयास है।






