कोटा। आने-जाने का टिकट एक साथ बुक कराने पर रेलवे ने यात्रियों को किराए में 20 प्रतिशत छूट की घोषणा की है। रेलवे ने इसे राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम का नाम दिया है। इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए यात्री को समान श्रेणी और समान जोडी ट्रेन में टिकट बुक करवानी होगी। यदि किसी यात्री ने जाने की टिकट इंटरनेट बुकिंग के माध्यम से बुक की है तो रिर्टन जर्नी की टिकट भी इंटरनेट बुकिंग से ही होनी चाहिए। यही नियम रेलवे आरक्षण काउंटर से बुक टिकट पर लागू होगा।
अधिकारियों ने बताया कि 13 अक्टूबर की यात्रा के लिए 14 अगस्त से बुकिंग प्रारम्भ की जाएगी। 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक यात्रा करने वालों के लिए पहले बुकिंग होगी तथा इसी के सम्पर्क में वापिसी यात्रा के लिए 17 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक रिर्टन टिकट बुक की जाएगी।इस स्कीम में टिकट बुक करवाने वालों को रिफंड का प्रावधान नहीं किया गया है और न ही टिकट मॉडिफिकेशन की सुविधा प्रदान की गई है। जिन ट्रेनों मे फ्लेक्सी फेयर का प्रावधान है उनको इस स्कीम से बाहर रखा गया है। इस स्कीम में बेस किराए में 20 % छूट का लाभ केवल कन्फर्म टिकट पर ही लागू होगां। साथ ही किसी भी प्रकार की रियायते जैसे रेलवे पास, बाउचर, रेल यात्रा कूपन इत्यादि इसमें कवर नहीं किए जाएंगे।






