के डी अब्बासी
कोटा, जून। जिला कलक्टर पीयूष समारिया बुधवार प्रातः कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं अनुभागों के दौरे पर निकले। श्री समारिया ने विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से वहां की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने टैगोर हॉल स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष में जाकर शिकायत रजिस्टर देखा। कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से उन्होंने पूछा कि आपदा से संबंधित सूचना आने पर क्या रेस्पॉन्स होता है? कर्मचारियों ने बताया कि इसकी सूचना तुरंत आपदा नियंत्रण कक्ष, नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों को दी जाती है। इसके अलावा सूचना रजिस्टर में दर्ज की जाती है। समारिया टैगोर हॉल स्थित परीक्षा नियंत्रण कक्ष पहुंचे और वहां मौजूद स्टाफ से परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में पूछा। कक्ष में मौजूद स्टाफ ने उन्हें परीक्षाओं के दौरान कंट्रोल रूम की भूमिका के बारे में जानकारी दी।






