Sunday, July 12, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

100 करोड़ से बदलेगी चंबल गार्डन की तस्वीर, राजस्थान का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा कोटा – ओम बिरला

रिपोर्टर -मनीष अग्रवाल

कोटा | लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंबल गार्डन एवं किशोरपुरा मुक्तिधाम के लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि चंबल गार्डन हाड़ौती की विरासत और कोटा की पहचान है, जिसे आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कर राजस्थान और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा।

बिरला ने कहा कि चंबल नदी का प्राकृतिक सौंदर्य, भीतरिया कुंड का प्राचीन धार्मिक महत्व और आधुनिक पर्यटन सुविधाएं मिलकर कोटा को नई पहचान देंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले दो वर्षों में चंबल गार्डन पूरे राजस्थान के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शुमार होगा।

उन्होंने कहा कि कोटा अब केवल शिक्षा नगरी नहीं रहेगा, बल्कि खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी देश के अग्रणी शहरों में अपनी पहचान बनाएगा। ट्रिपल आईटी के विस्तार, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि प्रोसेसिंग प्लांट, खेल अधोसंरचना, नेचुरल हेल्थ सिटी तथा योग एवं आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं जैसी योजनाओं से युवाओं और किसानों को नए अवसर मिलेंगे।

कनेक्टिविटी में बनेगा अग्रणी

ओम बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, अटल एक्सप्रेसवे, भोपाल मार्ग और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से कोटा-बूंदी क्षेत्र प्रदेश के सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में शामिल होगा। वर्ष 2027 तक एयर कनेक्टिविटी शुरू होने के बाद कोटा देश के प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ जाएगा।

प्रशासन होगा अधिक पारदर्शी

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों की कार्यप्रणाली को सरल बनाया जाएगा। नई एसओपी लागू कर आमजन को अनावश्यक प्रक्रियाओं से राहत देने और प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

कोटा को मिलेगी नई पहचान

स्वायत्त शासन एवं नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि चंबल गार्डन का पुनर्विकास कोटा को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। रिवर फ्रंट सहित अन्य पर्यटन परियोजनाओं को भी नई दिशा दी जा रही है।

स्वर्णिम होगा विकास का दौर

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वर्ष 2023 से 2028 तक का कार्यकाल कोटा के लिए स्वर्णिम साबित होगा। विकास पथ परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। संविधान पार्क, डिजिटल लाइब्रेरी, वैदिक पार्क, भीतरिया कुंड विकास और स्मार्ट रोड जैसी परियोजनाएं शहर के विकास को नई गति देंगी।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व महापौर राजीव अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, आयुक्त ओपी मेहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles