बून्दी जिले के रोटेदा कस्बे में 22 जनवरी को विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन हुआ। सम्मेलन के अंतर्गत दोपहर 12 बजे बड़ा कुआ स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर से विशाल कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस जुलूस में लगभग 400 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर डीजे पर श्रीराम के भजनों पर झूमती-नाचती चल रही थीं।
कलश यात्रा का कस्बे में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, वहीं जय श्रीराम के नारों से गलियां गुंजायमान हो उठीं। जुलूस में दो घोड़ियों पर सवार सुनील गोस्वामी एवं मोनू मराठा हाथों में श्रीराम ध्वजा लहराते हुए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
यात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई कीर बस्ती, मुस्लिम मोहल्ला, चारभुजा मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, चोमुखा बाजार से गुजरते हुए रोटेदा यज्ञशाला पहुंची। इस विराट आयोजन में 7 गांवों के करीब 3000 से अधिक महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यज्ञशाला पहुंचने पर कार्यक्रम अध्यक्ष भारतीय निर्मोही अखाड़ा के संरक्षक एवं राष्ट्रीय संत श्री राधे बाबा निर्मोही ने भारत माता एवं भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। हिन्दू समिति अध्यक्ष ललित सुमन, संयोजक मयंक जैन, कोषाध्यक्ष देवकिशन सैनी, संरक्षक रामावतार सोनी एवं साहित्यकार देवकी दर्पण सहित पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
हिन्दू समिति रोटेदा सहित ग्राम डोलर, जगदरी, बालोद, देवली, ढीकोली एवं झराणियां की झोपड़ियां के भामाशाहों व कार्यकर्ताओं को दुपट्टा एवं भगवान श्रीराम की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
धर्मसभा में वक्ता राधेश्याम जी श्रंगी (प्रांत कार्यकर्ता, सेवा भारती) एवं मुख्य वक्ता छीतरलाल नागर (सह जिला कार्यवाह, बून्दी) रहे। अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय संत श्री राधे बाबा निर्मोही ने सनातन धर्म, हिन्दू जागृति और सांस्कृतिक एकता पर प्रभावी उद्बोधन दिया।
मंच संचालन साहित्यकार देवकी दर्पण ने किया तथा आभार कोषाध्यक्ष देवकिशन सैनी ने व्यक्त किया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






