कोटा/वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में वियतनाम से शानदार जीत हासिल कर लौटे खिलाड़ियों का सोमवार को झालावाड़ में ऐतिहासिक और जोरदार स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के सम्मान में शहर में जुलूस निकाला गया, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों, समाजसेवी संस्थाओं, सिख समाज, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह खिलाड़ियों का जुलूस पूरे झालावाड़ शहर से होकर निकला, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा कर, माल्यार्पण कर और ढोल-नगाड़ों के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को जनता का भरपूर स्नेह और सम्मान मिला।
वर्ल्ड रॉ पावर लिफ्टिंग के सचिव गुरप्रीत सिंह ने बताया कि झालावाड़ शहरवासियों ने खिलाड़ियों को जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत किया, वह अविस्मरणीय है और खिलाड़ियों के लिए गर्व का विषय है।
जुलूस के पश्चात इमानुएल स्कूल में स्कूल डायरेक्टर शिरीन जॉनसन, पूरी स्कूल टीम और विद्यार्थियों द्वारा खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इसके बाद सचिवालय में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित सिंह द्वारा सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं देर शाम बैठक संपन्न होने के बाद माननीय सांसद दुष्यंत सिंह ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता के लिए बधाई दी।
पूरे दिन चले स्वागत कार्यक्रमों में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की गई और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।






